नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में ‘सुलह’ के नाम पर पैसे लेने का आरोप, पंचायत प्रधान गिरफ्तार
अलीपुरद्वार, 04 जून (हि. स.)। जिले में एक गंभीर मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस से जुड़े पंचायत प्रधान श्रीबास राय को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले को दबाने के लिए आरोपित से पैसे लेकर सुलह बैठक में समझौता कराया गया। यह घटना करीब सात महीने पुरानी बताई जा रही है।
आरोप के अनुसार, गांव में एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी, लेकिन न्याय दिलाने के बजाय पीड़ित परिवार को एक स्थानीय सुलह बैठक का सामना करना पड़ा। परिवार का आरोप है कि उस सभा में पंचायत प्रधान श्रीबास राय और कुछ स्थानीय नेताओं ने आरोपित से पैसे लेकर मामले को वहीं दबा दिया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उस समय इलाके के प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण वे पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। गुरुवार को सोनापुर चौकी की पुलिस ने आरोपित पंचायत प्रधान को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित समझौते में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

