नाबालिग को भगाकर ले जाने और यौन उत्पीड़न के मामले में मनाली का युवक गिरफ्तार
कुल्लू, 02 सितंबर (हि.स.)। कुल्लू के महिला पुलिस थाने में 14 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी 25 वर्षीय युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। दर्ज शिकायत के मुताबिक नाबालिग बालिका बीते 26 अगस्त से अपने घर से लापता थी। पुलिस ने तलाश करते हुए 1 सितंबर 2026 को उसे भूंतर स्थित मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया।
नाबालिग ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि मनाली का रहने वाला एक युवक उसे बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गया था। वहां वह करीब छह दिन तक रही, इस दौरान आरोपी ने उसके साथ यौन अपराध किया।
शिकायत और पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पोक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

