नाबालिग की हत्या की गुत्थी सुलझी, चार नाबालिग पकड़े
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले के न्यू उस्मानपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिग आरोपिताें को पकड़ा है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि आरोपितों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, 25 मार्च की सुबह न्यू उस्मानपुर थाने में सूचना मिली थी कि जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसी) के पास स्थित डीडीए पार्क में एक युवक का शव पड़ा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक नाबालिग मृत अवस्था में मिला। बाद में उसकी पहचान न्यू उस्मानपुर निवासी जैद (17) के रूप में हुई।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 178/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसएचओ राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपितों की पहचान कर चार नाबालिगों को पकड़ लिया, जिनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि मृतक से उनकी पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने जैद पर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

