home page

नाकाबंदी तोडक़र तस्करों ने भगाई कार, स्टॉप स्टिक से टकराकर टायर फटा

 | 
नाकाबंदी तोडक़र तस्करों ने भगाई कार, स्टॉप स्टिक से टकराकर टायर फटा


जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर में मादक पदार्थ तस्करों को पकडऩे के लिए पुलिस का अभियान जारी है। डांगियावास पुलिस ने एमडी ड्रग के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 8 ग्राम एमडी बरामद की। आरोपितों के बारे में पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी की सूचना थी, जिस पर दांतीवाड़ा में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस की नाकाबंदी को देखकर अपनी स्वीफ्ट कार को तेजी से भगाया और बाद में स्टॉप स्टिक से टकरा गई। टायर फटने पर गाड़ी आगे जाकर रूकी और वे भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। एमडी ड्रग बेचकर जुटाए गए 72 हजार रुपये भी पुलिस ने जब्त किए है।

थानाधिकारी दौलाराम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र से निकलने वाली एक स्वीफ्ट कार में दो व्यक्तियों के पास में मादक पदार्थ हो सकता है। इसके लिए पुलिस ने दांतीवाड़ा जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की। पुलिस ने स्वीफ्ट कार को रूकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी को भगाकर ले गया और नाकाबंदी तोड़ दी। कार पुलिस द्वारा लगाई स्टाप स्टिक से टकरा गई और उसका टायर फट गया। आगे कार को रोका और फिर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। थानाधिकारी दौलाराम ने बताया कि इसमें जालेली फौजदारान हाल बासनी तंबोलिया माता का थान निवासी संजय जाट और डांवरा खेड़ापा हाल श्रीराम कॉलोनी सारण नगर निवासी महेंद्र जाट को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास में आठ ग्राम एमडी ड्रग और 72 हजार रुपये मिले है। रुपए मादक पदार्थ बेचकर जुटाना प्रतीत हुआ है। एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण बनाया गया है। अग्रिम जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश