home page

नशे के लिए मां की हत्या करने वाला बेटा गिरफ्तार

 | 
नशे के लिए मां की हत्या करने वाला बेटा गिरफ्तार


जयपुर, 28 जून (हि.स.)। राजधानी के खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में नशे की लत ने एक परिवार को उजाड़ दिया। नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपनी मां की सिर दीवार पर पटककर और चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रंजीता शर्मा ने बताया कि शनिवार को खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय पन्नी देवी की हत्या की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह आरोपी बेटे अनिल बैरवा (27) पुत्र हजारीलाल बैरवा, निवासी जैतपुर, गंगापुर सिटी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद मोबाइल बंद करके फरार हो गया था।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी अनिल नशे का आदी था। शनिवार दोपहर, जब उसके भाई मजदूरी पर गए हुए थे, तब आरोपी ने घर आकर मां पन्नी देवी से नशे के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। गुस्से में आरोपी ने मां का सिर पकड़कर दीवार पर दे मारा और गिरने के बाद चाकू से कई वार कर दिए। घायल पन्नी देवी किसी तरह बाहर तक पहुंचीं, लेकिन उनकी मौत हो गई। शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू की और महज 24 घंटे में उसे पकड़ लिया। पुलिस अब हत्या के दौरान आरोपी की नशे की स्थिति और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, जबकि वारदात में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश