नशे की बड़ी खेप जब्त, दो युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 12 जून (हि. स.)। शहर में नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भक्तिनगर थाना इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली टैबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साहिल खावास और अभिषेक प्रधान के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ लंबे समय से 41 नंबर वार्ड के सरकार पाड़ा और बंकिम नगर इलाके में किराए के मकान से नशीली दवाओं की बिक्री करने की शिकायत मिल रही थी। मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार दोपहर पुलिस टीम ने उक्त घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के अंदर एक अलमारी से बड़ी मात्रा में नशे की टैबलेट बरामद की गई। मौके से ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपितों को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत पेश किया जाएगा। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

