नशीले पदार्थो की तस्करी में वांछित तस्कर को उठा ले गई चंडीगढ़ पुलिस
फर्रुखाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। चंडीगढ़ की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) टीम ने फर्रुखाबाद में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक को फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मसेनी भट्ठा स्थित उसके घर से पकड़ा गया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर टीम चंडीगढ़ रवाना हो गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान नवाबगंज क्षेत्र के गांव बराकेशव निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। एनसीबी चंडीगढ़ की टीम में निरीक्षक नवीन, उप निरीक्षक अखिलदास केएच, आरक्षित सुखबीर सिंह और चालक बृजेश कुमार शामिल थे। टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से फतेहगढ़ पहुंची और मसेनी स्थित घर से आरोपित को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि रोहित कुमार के खिलाफ चंडीगढ़ की जोनल यूनिट में मुकदमा अपराध संख्या 3/26 दर्ज है। इस मामले में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बनाने, बेचने, आयात-निर्यात करने समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। आरोपित को सोमवार रात ही फतेहगढ़ कोतवाली लाया गया था।
कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि एनसीबी टीम द्वारा आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। लोहिया अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद टीम उसे अपने साथ चंडीगढ़ ले गई। हालांकि, पुलिस के अनुसार आरोपित के पास से मौके पर कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। मामले की आगे की जांच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

