नरसिंहपुर : मोटरसाइकिल चोरों का पर्दाफाश, 7 वारदातों से जुड़े दो आरोपित गिरफ्तार, 11 बाइक बरामद
नरसिंहपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्टेशनगंज थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब सात लाख रुपये कीमत की 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सात मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच, रात्रि गश्त तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन भी किया गया है।
इसी अभियान के तहत थाना स्टेशनगंज क्षेत्र में पुलिस टीम अतिरिक्त पुलिस बल के साथ रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से संदिग्ध व्यक्तियों के घूमने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और दो संदिग्धों को अभिरक्षा में लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अखिलेश रजक पुत्र हनुमत रजक, (33) और टावल रजक पुत्र बालकिशन रजक, (52) दोनों निवासी ग्राम मुड़िया, थाना स्टेशनगंज के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, अभिरक्षा में लिए गए दोनों संदिग्धों से प्रारंभिक पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने थाना स्टेशनगंज क्षेत्र में पांच मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें की थीं। इसके अलावा थाना करेली और थाना गाडरवारा क्षेत्र में भी एक-एक मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है। इस तरह पुलिस ने कुल सात चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में आवश्यक जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने और किन-किन स्थानों पर वारदातों को अंजाम दिया है तथा चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था।
जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा आदतन चोरों, निगरानी बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है। मुखबिर तंत्र और तकनीकी माध्यमों से भी सूचनाएं जुटाई जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से चोरी की सात वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपितों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

