नरसिंहपुर में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, युवक की मौत
नरसिंहपुर, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुरा में गुरुवार सुबह रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी सूरज पटेल ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत लेकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली का खीला टूट गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सूरज पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए करेली अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई नेतराम पटेल ने बताया कि रेत परिवहन के दौरान अचानक ट्रॉली पलट गई थी, जिससे सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया था।
गौरतलब है कि नर्मदा नदी से मशीनों और भारी वाहनों के जरिए रेत उत्खनन पर उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और एनजीटी द्वारा प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावी नहीं होने से रेत कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और बिना नंबर के वाहन भी सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
फिलहाल सुआतला पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

