home page

नरसिंहपुर - चंद घंटों में खुलासा: करेली में मंगलसूत्र लूट के आरोपी गिरफ्तार

 | 
नरसिंहपुर - चंद घंटों में खुलासा: करेली में मंगलसूत्र लूट के आरोपी गिरफ्तार


नरसिंहपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली में पुलिस ने महिला से मंगलसूत्र लूट की वारदात में तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पीड़िता पिंकी कुर्मी, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी

पिंकी के अनुसार वह बस से महाराजपुर से अपने मायके निरंजन वार्ड करेली आ रही थीं। शाम करीब सात बजे, जब वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ सीएम राइज स्कूल के पास पहुंचीं, तभी हरे रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास आए। आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर उन्हें डराया और गले में पहना करीब 12 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये बताई गई, छीनकर फरार हो गए।

पीड़िता की शिकायत पर थाना करेली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया और एसडीओपी मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध मोहम्मद कासिम उर्फ कुन्नू (21), निवासी आजाद वार्ड नरसिंहपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी ब्रजेश उर्फ कूक्कू बंजारा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी ब्रजेश उर्फ कूक्कू बंजारा, निवासी पालनखेत सुभाष वार्ड नरसिंहपुर, को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लूटा गया मंगलसूत्र सोमवार को बरामद किया गया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू भी जब्त किए गए। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक अनिल अजमेरिया, अनिल कुमार सिंह, विजय धुर्वे सहित कई पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी