home page

नकली विदेशी शराब बनाने वाले गिरोह का भांडाफोड़, तृणमूल पंचायत प्रधान का पति गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, 09 सितंबर (हि.स.)। फांसीदेवा ब्लॉक के विधाननगर इलाके में नकली विदेशी शराब बनाने वाले एक बड़े गिरोह का आबकारी विभाग और पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात संयुक्त अभियान चलाकर एक तृणमूल कांग्रेस नेत्री के घर से बड़ी मात्रा में नकली शराब, शराब बनाने के उपकरण और वाहन बरामद किए गए।

इस मामले में विधाननगर नंबर-2 ग्राम पंचायत की प्रधान झरना सरकार के पति विश्वजीत सरकार उर्फ बासु (50) को गिरफ्तार किया गया है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार, बागडोगरा रेंज के डिप्टी एक्साइज कलेक्टर हसरत शाहीन के नेतृत्व में नक्सलबाड़ी आबकारी विभाग, बागडोगरा आबकारी विभाग और विधाननगर जांच केंद्र की पुलिस ने स्थानीय सहदरगछ इलाके में विश्वजीत सरकार के घर पर छापेमारी की।तलाशी के दौरान नामी ब्रांड की नकली विदेशी शराब से भरे 80 कार्टन बरामद किए गए।

इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले करीब 50 लीटर क्षमता वाले दो बड़े ड्रम, नामी विदेशी शराब ब्रांडों के बड़ी संख्या में फर्जी लेबल और स्टिकर भी जब्त किए गए।पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी में कथित रूप से इस्तेमाल होने वाले दो पिकअप वैन भी जब्त किए हैं। अभियान के दौरान विश्वजीत सरकार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आबकारी विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार