धौलपुर में दीपावली की रात कुएं में कूदे परिवार के तीन सदस्य, पिता-पुत्र की मौत, पत्नी बचाई
धौलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। जमीन विवाद से परेशान एक परिवार ने दीपावली की रात ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि खुशियों का त्योहार मातम में बदल गया। धौलपुर में रविवार रात पति-पत्नी और उनका बेटा कुएं में कूद गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पिता-पुत्र की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में पप्पू उर्फ सुरेश (60) और उनके बेटे इंद्रेश (22) की मौत हो गई, जबकि पत्नी सरोज (55) को बचा लिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कुएं में सीढ़ियां डालकर एक पुलिसकर्मी को नीचे उतारा गया। काफी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सुरेश और इंद्रेश की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुरेश का गंगाबाई बगीची मंदिर की जमीन को लेकर मंदिर महंत और अन्य लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। वर्ष 2019 में एसडीएम कोर्ट, राजस्व अपील प्राधिकारी और राजस्व मंडल अजमेर तक मामले में मंदिर ट्रस्ट के पक्ष में फैसले हुए थे। बताया गया कि 31 अक्टूबर को फैसले की पालना में जमीन का नामांतरण दोबारा मंदिर ट्रस्ट के नाम किया गया था। इसी विवाद के चलते सुरेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
सुरेश के बड़े बेटे राजेश ने बताया कि उनके खेत के पास मंदिर की जमीन है। जमीन के कुछ हिस्से को लेकर मंदिर ट्रस्ट और उनके परिवार के बीच विवाद चल रहा है। इस संबंध में अजमेर में भी मामला विचाराधीन होने की बात उन्होंने कही। राजेश के अनुसार उनके पिता पिछले करीब 10 दिनों से परेशान चल रहे थे। दीपावली की रात पिता घर के बाहर खेत में टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक कुएं में कूद गए। उन्हें बचाने के प्रयास में छोटा भाई इंद्रेश और मां सरोज भी कुएं में कूद गए।
घटना के बाद सरोज ने थाने में परिवाद देकर जमीन विवाद को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार पति की खातेदारी जमीन को लेकर विवाद शुरू कराया गया और उन्हें कानूनी कार्रवाई से रोकने का दबाव बनाया गया।
सरोज ने महंत हनुमानदास सहित लोचन सिंह गुर्जर, सीपी पंडित, महेश गुप्ता और संजय पहलवान के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनके पति पर हाईकोर्ट में अपील नहीं करने का दबाव बनाया था।
परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया कि करीब 10 महीने पहले खेत में बच्चों के कारोबार के लिए निर्माण कराने की सलाह देकर पति की लगभग 40 लाख रुपए की जमा पूंजी निर्माण कार्य में लगवा दी गई। सरोज ने जमीन विवाद में षड्यंत्र किए जाने सहित अन्य आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों की पुलिस जांच और कानूनी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
सुरेश खेती-बाड़ी करते थे। उनके दो बेटे राजेश और इंद्रेश तथा तीन बेटियां रीना, ज्योति और संजना हैं। राजेश ग्वालियर की एक फैक्ट्री में काम करता है। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। दीपावली के दिन हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

