home page

द्वारका में मुठभेड़: हत्या की कोशिश के दो आरोपित दबोचे, एक को गोली लगी

 | 
द्वारका में मुठभेड़: हत्या की कोशिश के दो आरोपित दबोचे, एक को गोली लगी


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले के छावला इलाके में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को दबोच लिया गया। दोनों के पास से हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने रविवार काे जानकारी देते हुए बताया कि 17 अप्रैल को श्याम विहार फेज-2 इलाके में एक व्यक्ति की हत्या की कोशिश की गई थी। इस संबंध में छावला थाने में 18 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। घटना में बाइक सवार दो बदमाशों ने शिकायतकर्ता पर नजदीक से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल में खराबी के कारण फायर नहीं हो सका। वारदात के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए द्वारका जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने आरोपिताें की तलाश शुरू की। इस बीच हेड कांस्टेबल मनीष को मिली सटीक सूचना के आधार पर 19 अप्रैल की सुबह करीब 5:35 बजे यूईआर के पास दोनों आरोपिताें को घेर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपिताें की पहचान 22 वर्षीय रॉकी और 24 वर्षीय सुमित उर्फ कोकी के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा तो रॉकी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसने तीन राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली हेड कांस्टेबल मनीष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की और नियंत्रित फायरिंग में रॉकी के बाएं पैर में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। इसके बाद सुमित को भी हथियार के साथ पकड़ लिया गया।

पुलिस ने रॉकी के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि मौके से तीन खोखे भी मिले हैं। वहीं सुमित के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वारदात में इस्तेमाल की गई यामाहा बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है। घायल रॉकी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मुठभेड़ के संबंध में भी छावला थाने में नया मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी