दुर्गापुर में बंद घर का ताला तोड़कर नगदी और सोने के आभूषण चोरी
दुर्गापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। घर के मालिक के शहर से बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना शुक्रवार सुबह दुर्गापुर इस्पात नगरी के बी-जोन स्थित काशीराम दास इलाके में सामने आई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर इस्पात कारखाने में कार्यरत मंटू प्रसाद पारिवारिक काम से कुछ दिनों के लिए शहर से बाहर गए थे। शुक्रवार सुबह घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी समेत कई जगहों पर तलाशी लिए जाने के निशान मिले।
मंटू प्रसाद ने जांच के बाद पुलिस को बताया कि घर से करीब चार लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान गायब हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात में कितने लोग शामिल थे। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का भी आकलन किया जा रहा है। बंद मकान को निशाना बनाकर हुई इस घटना से इलाके में चिंता बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

