home page

दीपावली पर घर आते ही 20 का इनामी तस्कर गिरफ्तार

 | 
दीपावली पर घर आते ही 20 का इनामी तस्कर गिरफ्तार


जोधपुर, 07 नवम्बर (हि.स.)। जोधपुर पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत ग्रामीण की डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई की। एनडीपीएस एक्ट के मामले में 20 महीने से फरार 20 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ा है। आरोपित दीपावली के मौके पर अपने गांव आया हुआ था, जिसकी पुख्ता सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के सुपरविजन में टीम ने कार्रवाई की। डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा ने बताया कि 6 नवंबर को टीम के हेड कांस्टेबल मदनलाल मीणा को खास मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा 20 हजार रुपये का इनामी आरोपित मांगीलाल विश्नोई दीपावली के त्योहारी सीजन के मद्देनजर अपने पैतृक गांव आया हुआ है।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए एएसआई श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में डीएसटी टीम ने खोखरिया की सरहद में दबिश दी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी खोखरिया, हाल थाना कापरड़ा निवासी मांगीलाल पुत्र गुमानाराम विश्नोई को दस्तयाब कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम अनुसंधान के लिए थाना हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मांगीलाल थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के प्रकरण में पिछले 20 महीने से वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश