तीन साल से फरार इनामी ठग गिरफ्तार, स्कॉर्पियो के पुर्जे बेचने का आरोप
डूंगरपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में आसपुर थाना पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिंद्रा स्कॉर्पियो को रिस्टोर करने के नाम पर अग्रिम राशि हड़पने तथा वाहन के कीमती पुर्जे बेचने का आरोप है।
थानाधिकारी मदनलाल खटीक ने बताया कि वर्ष 2022 में आसपुर निवासी सुरेन्द्र सिंह चौहान ने अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो को रिस्टोर कराने के लिए अजमेर जिले के ब्यावर निवासी दो भाइयों मोहम्मद शाहरुख और मोहम्मद आवेश को सौंपा था। इसके लिए उसने 1.15 लाख रुपये अग्रिम भी दिए थे। आरोप है कि दोनों ने वाहन की मरम्मत करने के बजाय उसकी बॉडी और टायर निकालकर बेच दिए तथा शेष पुर्जों और चेसिस को गायब कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस प्रकरण में मोहम्मद शाहरुख को 26 जनवरी 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका भाई मोहम्मद आवेश लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थानाधिकारी मदनलाल खटीक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर ब्यावर के जामा मस्जिद क्षेत्र निवासी मोहम्मद आवेश (26) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब वाहन के शेष पुर्जों की बरामदगी और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

