home page

तलवार से केक काट कर सोशल मीडिया पर रील वायरल करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

 | 
तलवार से केक काट कर सोशल मीडिया पर रील वायरल करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराते हुए केक काटने की रील वायरल कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल बनाने वाले निम्बाहेड़ा के हिस्ट्रीशीटर शोएब लाला को कपासन थाना पुलिस ने कोतवाली तथा सदर निंबाहेड़ा एवं डीएसटी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह ने बताया कि 25 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग की जा रही थी। इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति की और से shoaiblala7777nimbahera नाम की इन्स्टाग्राम आईडी से 11 जुलाई 2026 को एक वीडियो (रील) को वायरल किया गया। इसमें एक व्यक्ति कपासन दरगाह के बाहर सार्वजनिक स्थान पर खड़ा होकर अपने हाथ में एक बड़ी, नंगी और धारदार तलवार लहरा रहा हैं। तलवार से टेबल पर रखे केक को काटा गया और वहां उपस्थित अन्य लोग शोर मचा कर इस कृत्य को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके बारे में जानकारी जुटाई गई तो जो व्यक्ति तलवार लहरा रहा है उसका नाम शोएब लाला पुत्र डेरान खां मुसलमान निवासी केंची चौराहा निम्बाहेडा हाल आदर्श कॉलोनी निम्बाहेडा निकला जो कि कोतवाली निम्बाहेडा थाना का हिस्ट्रशीटर पाया। शोएब लाला की और से आम जनता में दहशत फैलाने और अपनी झूठी धमक, वाहवाही बनाने के उद्देश्य से इस वीडियो को सोशल मीडिया पर रील के रूप में वायरल किया है। इस पर कपासन पुलिस थाने पर प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही शुरू की गई। शोएब लाला को डिटेन कर बाद पूछताछ तफ्तीश के गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की और से चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती के निर्देशन में पुलिस थाना कपासन, पुलिस थाना कोतवाली निम्बाहेडा व सदर निम्बाहेडा एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए शोएब लाला को गिरफ्तार किया। शोएब लाला के विरूद्ध पूर्व में राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न थानो में हत्या, हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, राजकार्य में बाधा, मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट के कुल 14 प्रकरण दर्ज हैं। उक्त आरोपित निम्बाहेडा सर्कल में लाला नाम से एक गैंग चलाता है। उक्त गैंग व्यापारियों को डरा धमका कर फिरोती मांगना, वसूली करना, लोगो के साथ मारपीट कर क्षेत्र में दहशत फैलाने का काम करती हैं।आरोपित को कपासन थानाधिकारी सुनील शर्मा, हैड कांस्टेबल किशन सिंह, कांस्टेबल सुशील, जितेन्द्र,शोभाराम ने गिरफ्तार किया। वहीं आरोपित को डिटेन करने के लिए पुलिस टीम अलग से पहुंची। इसमें निंबाहेड़ा कोतवाली थानाधिकारी प्रवीण टांक, हैड कांस्टेबल हरविंदर, ज्ञान प्रकाश, विजय सिंह, सदर निम्बाहेडा थानाधिकारी संजय शर्मा, कांस्टेबल श्यामलाल, डीएसटी टीम से एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविन्द कृष्ण कांत, अशोक, जगदीश, शिशपाल, सुरेश आदि की टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल