ड्रग तस्करी का भांडाफोड़, महिला सहित पांच गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 09 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के बीच मादक तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां महिला को मोहरा बनाकर पुराने आरोपितों ने नए तरीके से तस्करी की योजना बनाई थी। लेकिन सिलीगुड़ी पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की सतर्कता के चलते इस साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया।
एसओजी और सिलीगुड़ी थाने की संयुक्त टीम ने बुधवार रात जोड़ापानी ब्रिज के पास एक संदिग्ध फोर व्हीलर से करीब एक किलो कच्चा मादक पदार्थ बरामद किया, जिससे ब्राउन शुगर तैयार की जानी थी। इस मामले में एक महिला समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पूजा रसाइली (33), पप्पू गिरी (48), अजहरूद्दीन साह (39), एमडी मुराद अंसारी (40) और एमडी शमशेर आलम (35) है।
पुलिस के अनुसार, इनमें से चार आरोपित पहले से आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित मालदा से कच्चा सामान लाकर सिलीगुड़ी में ब्राउन शुगर तैयार कर तस्करी करने की योजना बना रहे थे। लगातार कार्रवाई से बचने के लिए इस बार उन्होंने तैयार ड्रग्स की बजाय कच्चे माल की तस्करी का तरीका अपनाया था।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

