home page

डूंगरपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन : चार दिन में 366 ठिकानों पर दबिश, 381 असामाजिक तत्व डिटेन

 | 
डूंगरपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन : चार दिन में 366 ठिकानों पर दबिश, 381 असामाजिक तत्व डिटेन


डूंगरपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ डूंगरपुर पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान चार दिनों में 366 स्थानों पर दबिश देकर 381 असामाजिक तत्वों को डिटेन किया गया। कार्रवाई में वांछित अपराधियों, स्थायी वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों और आदतन अपराधियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले के सभी वृत्ताधिकारियों की निगरानी में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था मजबूत करना रहा। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित व्यक्तियों के साथ शांति भंग की आशंका वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 6 स्थायी वारंटियों/उद्घोषित अपराधियों को पकड़ा गया, जबकि सामान्य प्रकरणों में वांछित 4 व्यक्तियों को डिटेन किया गया। इसके अलावा धारा 107, 151 तथा 126, 170 बीएनएसएस के तहत 217 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के मामलों में चालानशुदा 34 व्यक्तियों को भी डिटेन किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 114 हिस्ट्रीशीटरों की जांच की, जबकि 69 हिस्ट्रीशीटरों को पाबंद कराया गया। वहीं, 56 आदतन अपराधियों के खिलाफ भी पाबंद करने की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर निगरानी बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष