home page

डानकुनी रेलवे स्टेशन पर 38 किलो गांजा के साथ तीन महिलाएं गिरफ्तार

 | 
डानकुनी रेलवे स्टेशन पर 38 किलो गांजा के साथ तीन महिलाएं गिरफ्तार


हावड़ा, 02 नवंबर (हि. स.)। डानकुनी रेलवे स्टेशन परिसर में गांजा की तस्करी करने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से करीब 38 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में बेलूड़ जीआरपी थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रितु सरकार (35), उन्नति राय (34) और चंपा भौमिक दास (33) के रूप में हुई है।

रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12504 डाउन एसएमवीटी बेंगलुरु हमसफर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे कुछ यात्री गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर हावड़ा जीआरपी जिले के अंतर्गत बेलूड़ जीआरपी थाने की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को पकड़ा।पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि गांजा उत्तर बंगाल से लाया गया था। इसे डानकुनी में चोरी-छिपे पहुंचाकर बेचने की योजना थी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी ली गई। इस दौरान महिलाओं के कब्जे से गांजा के 32 पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 38 किलोग्राम बताया गया है।

तीनों महिलाओं के खिलाफ अवैध रूप से मादक पदार्थ ले जाने के आरोप में एनडीपीएस अधिनियम के तहत बेलूड़ जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता