home page

ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थरों के नीचे छिपा कर ले जा रहा एक क्विंटल से ज्यादा डोडा चूरा पकड़ा

 | 
ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थरों के नीचे छिपा कर ले जा रहा एक क्विंटल से ज्यादा डोडा चूरा पकड़ा


चित्तौड़गढ़, 02 जून (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो राजस्थान यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो चित्तौड़गढ़ सेल ने चित्तौड़गढ़-निम्बाहेड़ा हाईवे पर ओछड़ी टोल नाका के यहां पर कार्रवाई की। नारकोटिक्स ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 101.720 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल ने बताया कि ब्यूरो को खुफिया सूचना मिली थी कि राजस्थान पंजीयन वाला एक ट्रैक्टर निम्बाहेड़ा क्षेत्र से अवैध डोडा चूरा की खेप लेकर जा रहा है। सूचना पर चित्तौड़गढ़ सेल की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। अधिकारियों ने कड़ी निगरानी रख संदिग्ध वाहन को चिन्हित कर रोका। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि ट्रॉली में लदे पत्थरों के नीचे डोडा चूरा छिपाया गया था। सुरक्षा कारणों से वाहन को ब्यूरो कार्यालय लाकर तलाशी ली गई। ट्रॉली में पत्थरों के नीचे छिपा कर रखे गए 5 कट्टों से कुल 101.720 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर डोडा चूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गई। आरोपित को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। मामले में जांच जारी है। उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि 'नशा मुक्त भारत अभियान' की शून्य सहनशीलता नीति के तहत केवल जब्ती ही नहीं, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल्स को पूरी तरह खत्म करना लक्ष्य है। मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल