टोटो से आए बदमाशों ने दवा दुकान में लगाया सेंध, सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात
सिलीगुड़ी, 05 अगस्त (हि. स.)। प्रधान नगर इलाके में एक दवा दुकान में महज पांच मिनट के भीतर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। यह वारदात बुधवार तड़के शहर के मेघनाथ साहा सारणी लेन स्थित एक दवा दुकान की है, जहां टोटो से पहुंचे पांच बदमाश करीब 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब दुकान का कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा तो उसने देखा कि शटर क्षतिग्रस्त है। अंदर जाने पर कैश बॉक्स का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। कर्मचारी ने तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक अजय कुमार यादव को दी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर प्रधान नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
दुकान मालिक के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है तड़के एक टोटो से पांच बदमाश दुकान के सामने पहुंचे। उन्होंने बिना मुख्य ताला तोड़े शटर को ऊपर उठाया और एक बदमाश अंदर घुस गया। उसने महज पांच मिनट के भीतर दोनों कैश बॉक्स का ताला तोड़कर करीब 90 हजार रुपये निकाल लिए और साथियों के साथ टोटो में बैठकर फरार हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

