home page

झाबुआ: अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई में कार सहित करीब सात लाख का माल बरामद

 | 
झाबुआ: अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई में कार सहित करीब सात लाख का माल बरामद


झाबुआ, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिलांतर्गत थाना राणापुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई में अवैध अंग्रेजी शराब सहित परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जानकारी अनुसार बरामद सामग्री का मूल्य करीब सात लाख रुपए के करीब है।

उक्त कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीओपी कमलेश शर्मा ने रविवार को बताया कि थाना राणापुर में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गिट्टी खदान के पास छापरी रोड की ओर से एक होंडा सिटी कार क्रमांक जी जे-06- ई ओ-7355 में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी राणापुर निरीक्षक दिनेश रावत और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्दिष्ट रास्ते पर घेराबंदी कर उक्त कार को रोका, और जब उसकी तलाशी ली गई तो कार में रॉयल स्टैग कंपनी की अंग्रेजी शराब पाई गई, जिसे कार सहित बरामद कर लिया गया, साथ ही शराब कारोबारी वाहन चालक साहिल पुत्र फरीद शेख, उम्र 26 वर्ष, निवासी दातार रोड, जूनागढ़ (गुजरात) को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से बरामद शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त होंडा सिटी कार सहित कुल ₹6,89,110 मूल्य का सामान विधिवत जब्त किया गया।

थाना प्रभारी राणापुर दिनेश रावत ने बताया कि इस संबंध में थाना राणापुर में अपराध क्रमांक 364/2026 अंतर्गत धारा 34(2), 36 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा