home page

झाबुआ: अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश, सोने-चांदी के जेवरात सहित 40 लाख का माल उड़ाकर भागे डकैत गिरफ्तार

 | 
झाबुआ: अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश, सोने-चांदी के जेवरात सहित 40 लाख का माल उड़ाकर भागे डकैत गिरफ्तार


झाबुआ: अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश, सोने-चांदी के जेवरात सहित 40 लाख का माल उड़ाकर भागे डकैत गिरफ्तार


झाबुआ, 07 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश की झाबुआ पुलिस द्वारा त्वरित रूप से की गई एक बड़ी कार्यवाही में अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 34 लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवरात उड़ाकर भागे चार आरोपित डकैतों को गिरफ्तार कर उनके द्वारा लूटे गए कीमती जेवरातों सहित कोई 40 लाख का माल बरामद किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले की कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश किया है। राजस्थान राज्य के झालावाड़ जिले के इस गिरोह द्वारा मध्य प्रदेश, गुजरात एवं राजस्थान के कई शहरों एवं जिलों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। एसपी के अनुसार पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि गिरोह के ये लोग घटना को अंजाम देने से पहले उस जगह की रेकी करते हैं, ओर फिर मौका देखकर घटना को अंजाम देते हैं।

घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूनमचंद चौहान नामक फरियादी जो कि गुरुवार को दोपहर के समय मेघनगर स्थित अपने प्रतिष्ठान से सोने-चांदी के आभूषण लेकर चला था, उसे इन आभूषणों को झाबुआ एवं जोबट में देना थे। सोना चांदी का उक्त कारोबारी जब मेघनगर से झाबुआ की ओर जा रहा था, तभी फुलमाल तिराहा के पास हाईवे पर अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की तथा गहनों से भरा बैग लूट लिया। फरियादी द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

एसपी ने बताया कि घटना के बाद उप पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में त्वरित रूप से कार्यवाही करते हुए तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम (एसडीओपी झाबुआ रूपरेखा यादव, थाना प्रभारी कोतवाली आर.सी. भास्करे, उपनिरीक्षक गुलाबसिंह वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक राजेश, सहायक उपनिरीक्षक ज्ञान बहादुर, आरक्षक गणेश, आरक्षक चन्द्रभान तथा साइबर टीम) द्वारा जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई एवं तकनीकी साक्ष्यों को एकत्रित किया गया तो पुलिस टीम ने पाया कि घटना के पीछे अंतरराज्यीय डकैती गिरोह की संलिप्तता है। पुलिस टीम ने यह भी पाया कि घटना में प्रयुक्त ईको कार (RJ17 UA 8516) से चार आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया तथा तत्काल हाईवे पकड़कर राजस्थान भाग गए। पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके द्वारा लूटे गए कीमती जेवरात सहित लूट में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम हैं- शहाबुद्दीन पुत्र इकबाल मोहम्मद (उम्र 29 साल) निवासी, आवर, थाना पगारिया, जिला झालावाड़, राजस्थान, शाहरुख पुत्र मनसुर अली (उम्र 21 साल) निवासी आवर, थाना पगारिया, जिला झालावाड़, राजस्थान, राहुल पुत्र घनश्याम (उम्र 25 साल) निवासी,आवर, थाना पगारिया, जिला झालावाड़, राजस्थान, ओर जयश पुत्र अनिल जैन (उम्र 26 साल) निवासी आवर, थाना पगारिया, जिला झालावाड़, राजस्थान।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा