जोधपुर ग्रामीण डीएसटी की कार्रवाई : मैफेड्रान और स्मैक सहित दो तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की डीएसटी व भोपालगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध ड्रग्स तस्करों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके कब्जे से एमडी और स्मैक बराम की है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की रोकथाम हेतु डीएसटी की सूचना पर पुलिस थाना भोपालगढ़ हल्का क्षेत्र के सरहद ग्राम हिंगोली एवं ग्राम धोरू में दो अलग-अलग कार्रवाई कर कुल 132.74 ग्राम अवैध सिंथेटिक ड्रग्स एमडी, 01.25 ग्राम अवैध स्मैक व 28 हजार 300 रुपए नगद जब्त कर दो मुलजिमों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की हैं।
एसपी ने बताया कि अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण भोपालसिंह लखावत के निर्देशन व वृताधिकारी भोपालगढ़ भूराराम खिलेरी के निकटतम सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भवंरिया व भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरहद हिंगोली में ड्रग्स तस्कर सोउओं की ढाणी, हिंगोली निवासी समन्दर पुत्र किशनाराम विश्नोई के कब्जे से 80.54 ग्राम अवैध सिंथेटिक ड्रग्स एमडी, 01.25 ग्राम अवैध स्मैक व 28,300 रुपए नगद बरामद किए। वहीं सरहद धोरू में तस्कर मनोज उर्फ मुन्ना पुत्र प्रहलादराम के घर पर दबिश देकर उसके कब्जे से 52.20 ग्राम अवैध सिंथेटिक ड्रग्स एमडी जब्त की। उक्त दोनों मुलजिमों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

