जेसीबी ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शकूरपुर इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा कब्रिस्तान के पास हुआ, जहां एक जेसीबी मशीन ने युवक को कुचल दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना सुबह करीब 10 बजे मिली। सूचना मिलते ही सुभाष प्लेस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान मोहम्मद हुसैन (27) के रूप में हुई है। वह शकूरपुर का रहने वाला था।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जेसीबी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपित की पहचान आशीष (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जेसीबी चालक शकूरपुर के बेरीवाला बाग की ओर पार्क समतलीकरण कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान कब्रिस्तान के पास यह हादसा हो गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

