home page

जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज

 | 

बांदा, 09 सितंबर (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल के चालक ने उनके पिता पर फोन कर घर बुलाने के बाद हाॅकी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित चालक राजेश सिंह पुत्र बाबू सिंह निवासी ग्राम अनवान, पोस्ट मांझिला, थाना बबेरू ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के मुताबिक राजेश सिंह पिछले करीब चार वर्षों से जिला पंचायत अध्यक्ष के चालक के रूप में कार्यरत है। आरोप है कि 08 सितंबर की सुबह करीब 7.20 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष के पीआरओ दिवाकर सिंह ने फोन कर उसे बुलाया। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी अपने मोबाइल से फोन कर घर आने को कहा। फोन आने पर वह उनके घर पहुंचा।

पीड़ित का आरोप है कि घर के अंदर पहुंचते ही जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता गौदीन सिंह ने बिना किसी उचित कारण के गाली-गलौज शुरू कर दी और हाॅकी से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। राजेश ने घटना के बाद अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

राजेश के अनुसार घटना के समय जिला पंचायत अध्यक्ष के सुरक्षा कर्मी सुरेश शुक्ला और कमलेश सिंह पिंडारन भी मौके पर मौजूद थे। उसने दोनों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उसे फोन करके योजनाबद्ध तरीके से घर के अंदर बुलाया गया और उसके साथ मारपीट की गई।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने, घटनास्थल की जांच एवं उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगालने, मेडिकल परीक्षण कराने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष बबेरू संजय द्विवेदी के मुताबिक तहरीर के आधार पर बुधवार को गौदीन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह