जलपाईगुड़ी में वृद्ध महिला का सिर कटा शव बरामद, सिर की तलाश
जलपाईगुड़ी, 29 मार्च (हि. स.)। जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एकवृद्ध महिला का सिर कटा शव मिलने के 24 घंटे बाद भी पुलिस को उसका सिर बरामद नहीं हो सका है। जिसके लिए रविवार को पुलिस ने ड्रोन की मदद से इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के बाहादुर ग्राम पंचायत इलाके में समिजा खातून नाम की एक वृद्ध महिला का सिर कटा शव बरामद हुआ था। वृद्ध महिला के सिर की तलाश में पुलिस ने दिनभर तलाशी अभियान चलाया। स्निफर डॉग की मदद ली गई और रातभर भी खोज जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद अब पुलिस ने ड्रोन की मदद से इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है।
इस बीच, घटना के बाद से वृद्ध महिला का दामाद लापता बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मृतका की एक बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

