home page

जयंत चौधरी को धमकी, जेड प्लस सुरक्षा की मांग

 | 
जयंत चौधरी को धमकी, जेड प्लस सुरक्षा की मांग


बागपत, 20 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। पश्चिम बंगाल के एक युवक द्वारा दी गई इस धमकी के बाद छपरौली विधायक अजय कुमार ने कड़ी नाराजगी जताते हुए केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने सरकार से जयंत चौधरी को ज़ेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को धमकी मिलने के बाद बागपत छपरौली विधायक अजय कुमार ने उनकी सुरक्षा की मांग की है। छपरौली विधायक उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट बागपत में आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार की धमकियां न केवल जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती हैं। मामले में दी गई तहरीर के अनुसार, 18 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को मंत्री जयंत चौधरी से जुड़ा बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। फोन कॉल के दौरान आरोपी ने एमपी-5 जैसे हथियारों का जिक्र किया और धमकी भरे संदेश व्हाट्सएप पर भी भेजे। इन संदेशों में मंत्री के सरकारी कार्यक्रम का जिक्र करते हुए स्पष्ट रूप से “गोली मार दो” जैसी बातें लिखी गई थीं। तहरीर में यह भी उल्लेख है कि आरोपी द्वारा लगातार वॉइस मैसेज और लोकेशन शेयर कर धमकी दी जाती रही। जब दोबारा संपर्क कर जानकारी ली गई, तो आरोपी ने कहा कि उसे यह “ऊपर से भेजा गया” है। घटना के बाद तुरंत तुगलक रोड थाने को सूचित कर मोबाइल पर प्राप्त सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए गए। इसके अलावा, तहरीर में एक और गंभीर पहलू सामने आया है, जिसमें बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति आवास के पिछले गेट की रेकी करता देखा गया। वहीं, कुछ दिन पहले रात में एक संदिग्ध स्विफ्ट कार भी लंबे समय तक कोठी के पास खड़ी रही, जिसमें सवार लोग निगरानी करते नजर आए। वही बागपत की छपरौली सीट से विधायक अजय कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। डॉ. अजय कुमार तोमर ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के लिए जेड प्लस सुरक्षा की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी