जमीन से धन निकालने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी
पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा कथित तांत्रिक
जोधपुर, 09 मई (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने जमीन में गड़ा धन निकालने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक तांत्रिक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। खेड़ापा पुलिस थाना में दर्ज मामले में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपित बोरुंदा निवासी उम्मेद जोशी उर्फ दीपक जोशी पुत्र फूलचंद जोशी उर्फ राधेश्याम है। वर्तमान में वह जोधपुर के महामंदिर थाना क्षेत्र स्थित शक्तिनगर में किराए पर रहता है। पुलिस के अनुसार 6 मई को बावड़ी निवासी भगवानराम ने खेड़ापा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसे मां दित्या ज्योतिष का एक पेंफलेट मिला था, जिसमें घर और व्यापार संबंधी समस्याओं के समाधान का दावा किया गया था। भगवानराम अपने एक साथी के साथ जोधपुर स्थित बाबा के कार्यालय गया, जहां कथित तांत्रिक ने उसकी कुंडली देखकर बताया कि उसके घर में काफी सोना गड़ा है, जिसे वह निकाल सकता है। इसके बदले में तांत्रिक ने 15 लाख रुपये की मांग की।
प्रार्थी ने बाबा के खाते में और नकद मिलाकर कुल 14,52,320 रुपये दिए। गत नौ अप्रैल को कथित तांत्रिक भगवानराम के घर आया। उसने एक गड्ढा खोदकर प्रार्थी, उसके परिजनों और साथियों को नजरबंद कर दिया। इसके बाद तांबे जैसी धातु का एक कलश दिखाकर उसे सोना बताया और घर में रखवा दिया। साथ ही, एक कृत्रिम सांप दिखाकर प्रार्थी को मृत्यु का भय दिखाकर पैसे हड़प लिए।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि आरोपित की तलाश करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। आरोपित के पास कई आधार कार्ड भिन्न-भिन्न स्थानों के पाए गए। जिससे ज्ञात हुआ कि आरोपित ने अपनी सही पहचान भी किसी को ज्ञात नहीं होने दी। तात्रिंक के खिलाफ ऐसा ही एक प्रकरण पुलिस थाना अम्बामाता जिला उदयपुर में भी दर्ज है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

