home page

जबलपुर : लोकायुक्त की कार्रवाई में बाबू की आय से 543 गुना अधिक संपत्ति का खुलासा

 | 
जबलपुर : लोकायुक्त की कार्रवाई में बाबू की आय से 543 गुना अधिक संपत्ति का खुलासा


जबलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी सुभाष शर्मा के त्रिमूर्ति नगर स्थित आवास पर शनिवार को कई गई कार्रवाई में रविवार को बड़ा अपडेट आया है। प्रारंभिक जांच में सुभाष शर्मा के पास उनकी ज्ञात आय से 543.19 गुना अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। अब तक की जांच में आठ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता चलने की जानकारी सामने आई है।

लोकायुक्त के अनुसार, सुभाष शर्मा ने वर्ष 1989 में सहायक ग्रेड-3 के पद से सरकारी सेवा शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में उनकी संपत्ति ज्ञात आय से 543.19 गुना अधिक पाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक सामने आई संपत्तियों का मूल्य आठ करोड़ रुपये से अधिक है और विस्तृत जांच के बाद यह आंकड़ा बढ़ सकता है।

लोकायुक्त की टीम ने आवास और अन्य संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ चल-अचल संपत्ति का मूल्यांकन शुरू कर दिया है। जांच के दौरान करीब 500 ग्राम सोने के आभूषण और 1.25 किलोग्राम चांदी के सामान सहित अन्य कीमती वस्तुएं मिलने की जानकारी है। बरामद जेवरात की कीमत का आकलन किया जा रहा है।

लोकायुक्त की जांच में पाटन के ग्राम लोहारी स्थित फार्म हाउस से संबंधित जानकारी भी सामने आई है। जांच अधिकारियों के अनुसार, फार्म हाउस परिसर में बारात घर बनाने की योजना थी और इसके लिए प्रारंभिक स्तर पर निर्माण कार्य शुरू किए जाने की जानकारी मिली है। इस संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और निवेश की भी जांच की जा रही है।

जांच के दौरान लोकायुक्त टीम को त्रिमूर्ति नगर स्थित करीब 4800 वर्गफीट के दो मंजिला मकान में पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए लगाई गई लिफ्ट भी मिली। टीम लिफ्ट लगाए जाने के समय और उस पर हुए खर्च की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा सुभाष शर्मा और उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम संचालित आधा दर्जन से अधिक बैंक खातों की जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित बैंकों को पत्र भेजे गए हैं। बैंक खातों में जमा राशि और लेन-देन का भी परीक्षण किया जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि कई जमीन और मकान उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर हैं। लोकायुक्त टीम इन संपत्तियों के स्रोत, खरीद में इस्तेमाल धन और दंपती की वैध आय से उनका संबंध जांच रही है। कार्रवाई और संपत्ति के अंतिम मूल्यांकन के बाद ही आय से अधिक संपत्ति की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक