जबरन धर्म परिवर्तन का मामला हुआ दर्ज, कई लोग लिए गए हिरासत में, पुलिस की कार्रवाई जारी
बाराबंकी, 24 जुलाई (हि.स.)।बाराबंकी जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है। फतेहपुर थाना क्षेत्र की एक महिला के अनुसार उनके पति की काफी दिन पहले मृत्यु हो चुकी है। वह अपनी पुत्री के साथ रहती हैं। पुत्री की जन्म तिथि चार फरवरी 2008 है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2024 में फतेहपुर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल आसिफ ने पुत्री से संपर्क कर उसके यौन उत्पीड़न का प्रयास किया।
कई बार फोन पर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की। पुत्री के मना करने पर गरीबी का फायदा उठाने का कुत्सित प्रयास किया। सिपाही पैसों का लालच देकर धर्मांतरण करने के लिए प्रेरित करने लगा। इसके लिए आसिफ ने सऊदी अरब में रहे फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ही बसारा गांव निवासी जावेद से बात करवाई।
जावेद ने पुत्री को धर्मांतरण के लिए प्रेरित करना शुरू कर दिया। जावेद ने धीरे-धीरे इंस्टाग्राम पर संपर्क स्थापित कर उसका ब्रेन वास कर दिया। जावेद सऊदी अरब से लौटा और दो जनवरी 2026 को पुत्री से संपर्क कर अपने साथ ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया और मुस्लिम धर्म अपनाने की शिक्षा दी। इस दौरान पुत्री दो बार गर्भवती हुई, जिसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया गया।
कुछ दिन पहले उसकी पुत्री को जावेद अपने बहनोई सफदरगंज थाना क्षेत्र के चक गांव निवासी रेहान, शहर कोतवाली के कानून गोयान निवासी हमजा के साथ मसौली बाजार स्थित मजार पर ले गए। यहां मौलाना ने 7-8 साथियों के साथ आकर उनकी पुत्री का निकाह जबरदस्ती जावेद से करा दिया।
एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का बयान कराया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

