जनसुनवाई में फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर पहुंची युवती, 20 हजार की ठगी का मामला उजागर
जबलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहपुरा भटौनी से आई एक युवती फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर नगर निगम कमिश्नर के समक्ष पहुंच गई। जांच में पत्र फर्जी पाए जाने के बाद ठगी का मामला सामने आया।
नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि जनसुनवाई में पहुंची युवती अपने साथ नियुक्ति पत्र लेकर आई थी। दस्तावेज का अवलोकन करने पर स्पष्ट हुआ कि उक्त पत्र नगर निगम द्वारा जारी नहीं किया गया है और पूरी तरह फर्जी है।
पूछताछ में युवती ने बताया कि उसे नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 20 हजार रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया है। उसने कुछ राशि नगद और कुछ ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम अधिकारियों ने युवती को संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ठगी करने वाला युवक भी शहपुरा भटौनी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
कमिश्नर ने कहा कि इस तरह के मामलों में तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराना जरूरी है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके और अन्य लोग भी ऐसे जालसाजों से सतर्क रह सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

