home page

जगदलपुर : महज एक हज़ार रुपये का ऑनलाइन लोन न चुकाने पर युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप, मामला दर्ज

 | 
जगदलपुर : महज एक हज़ार रुपये का ऑनलाइन लोन न चुकाने पर युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप, मामला दर्ज


जगदलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की एक युवती साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई है। यह मामला हर स्मार्टफोन यूजर के लिए आंखें खोल देने वाला है, जहां महज कुछ रुपयों की उधार नही चुका पाने पर असामाजिक तत्व युवती को अश्लील फोटो (एडिटेड फोटो) दिखाकर और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय एक पीड़िता ने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन मोबाइल ऐप के जरिए 1,000 रुपये का छोटा सा लोन लिया था। समय पर लोन की रकम वापस नही हो पाने पर अज्ञात साइबर ठगों ने प्रताड़ना का घिनौना खेल शुरू कर दिया। आरोपित अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती को कॉल और मैसेज कर अश्लील तस्वीरें भेज रहे हैं, और धमकी दे रहे हैं, कि यदि तुरंत पैसों का भुगतान नहीं किया गया, तो इन तस्वीरों को उसके रिश्तेदारों और व्हाट्सएप ग्रुप्स में वायरल कर दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने बीते दिन कोतवाली थाने पहुंचकर आप-बीती सुनाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और IT Act की धारा 66 व 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर टीम उन सभी संदिग्ध नंबरों को ट्रेस करने में जुट गई है। इसके साथ ही पुलिस के द्वारा इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

बस्तर पुलिस ने अपील करते हुए कहा कि, प्ले स्टोर या अनधिकृत स्रोतों से बिना जांच-परख के ऐसे फर्जी लोन ऐप्स डाउनलोड न करें, क्योंकि ये ऐप्स मोबाइल डेटा और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर ब्लैकमेलिंग का जरिया बनते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे