छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गले पर मिले चोट के निशान
हमीरपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सिसोलर थाना क्षेत्र के भमई गांव में रविवार को 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके गले पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिसोलर थाना प्रभारी बृजेश कुमार यादव ने बताया कि भमई गांव निवासी बाबू यादव की बेटी आरती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन मौदहा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गले पर निशान मिलने की जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सूचना दी। सिसोलर थाना प्रभारी बृजेश कुमार यादव ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। आरती के चचेरे भाई सिद्धगोपाल ने बताया कि उसे मिर्गी के दौरे आते थे। उसने फांसी लगाने की बात से इनकार किया है। आरती दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। वह गांव के स्कूल में कक्षा सात की छात्रा थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

