छह साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
शिमला, 24 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में पुलिस ने करीब छह साल से उद्घोषित अपराधी घोषित 46 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार नेगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना रोहड़ू के पीओ सेल की टीम ने उसे 21 सितंबर को जुनीधार से पकड़ा। सुरेन्द्र कुमार नेगी पुत्र विद्या नन्द नेगी रोहड़ू का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र कुमार नेगी को परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत दर्ज दो मामलों में अदालत ने उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इन मामलों में चेक से संबंधित विवाद शामिल थे। अदालत ने उसे 26 नवंबर 2019 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में शामिल चेक की कुल राशि एक लाख 40 हजार रुपये है। पहला मामला गोपी चन्द बनाम सुरेन्द्र कुमार नेगी से संबंधित है, जिसकी सुनवाई रोहड़ू के तत्कालीन एसीजेएम की अदालत में हुई थी। दूसरा मामला गुलाब ठाकुर बनाम सुरेन्द्र कुमार नेगी का है, जिसकी सुनवाई आनी, कुल्लू स्थित जेएमआईसी की अदालत में हुई थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित अदालतों के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिले में अदालतों से उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

