चेक बाउंस मामले में फरार आरोपी किन्नौर से गिरफ्तार
शिमला, 17 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने करीब एक लाख रुपये के चेक बाउंस से जुड़े मामले में लंबे समय से उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए एक आरोपी को किन्नौर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जुब्बल की अदालत में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 2018 में दर्ज चेक बाउंस के एक मामले से जुड़ा है। इस मामले में विजय कुमार (46), पुत्र मोहन लाल, निवासी जुब्बल, जिला शिमला, को अदालत ने उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत मामला चल रहा है।
पुलिस थाना जुब्बल की पीओ सेल ने आरोपी की तलाश के दौरान उसे जिला किन्नौर के काक सथाल, टापरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) जुब्बल की अदालत में पेश किया जा रहा है। शिमला पुलिस का कहना है कि अदालतों में लंबित मामलों में उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

