चार मामलों में वांछित उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
शिमला, 12 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 32 वर्षीय मन्जेश पंचाटा के रूप में हुई है। वह शिमला जिले के जुब्बल तहसील के गांव जोहर का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक मन्जेश पंचाटा को 11 अगस्त की शाम कुमारसैन बाजार से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस के उद्घोषित अपराधी प्रकोष्ठ (पीओ सेल) और रोहड़ू उपमंडल की टीम के प्रयासों से की गई।
पुलिस के अनुसार मन्जेश पंचाटा को वर्ष 2022 में चार अलग-अलग मामलों में अदालत ने दोषी ठहराया था। इसके बाद वह न्यायिक प्रक्रिया से बचते हुए फरार रहा। लंबे समय तक अदालत की कार्रवाई से दूर रहने के कारण बाद में रोहड़ू की अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रोहड़ू की अदालत में पेश किया जा रहा है।
शिमला पुलिस का कहना है कि उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में फरार चल रहे लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

