home page

चंदननगर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक समेत दो गिरफ्तार

 | 
चंदननगर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक समेत दो गिरफ्तार


हुगली, 10 अप्रैल (हि.स.)। चंदननगर इलाके में गुरुवार देर रात पुलिस और सीआईडी की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया। एक मालवाहक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया, जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। चंदननगर पुलिस के डीसीपी अर्णब विश्वास ने शुक्रवार को थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गांजा तस्करी की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, चालक विशाल सरकार का घर मुर्शिदाबाद के जलंगी में है, जबकि खलासी सोनारुल खान होगलबेरिया (नदिया) का निवासी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि दिल्ली रोड के रास्ते नदिया की ओर गांजा से भरा एक ट्रक जाएगा। इसी आधार पर सीआईडी और चंदननगर थाने की पुलिस ने जाल बिछाया और निगरानी शुरू की। रात करीब तीन बजे जब ट्रक श्वेतपुर दिल्ली रोड पर पहुंचा, तो पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक ने चंदननगर की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर कलुपुकुर इलाके में ट्रक को पकड़ लिया।

ट्रक के चालक विशाल सरकार और खलासी सोनारुल खान, दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि ट्रक में मछली के क्रेट के नीचे बोरे में भरकर गांजा छिपाया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपित उड़ीसा के बालासोर से गांजा लेकर नदिया जिले के करिमपुर जा रहे थे। भागने के दौरान ट्रक को रोकने के लिए पुलिस ने चंदननगर रेलवे ओवरब्रिज से उतरने के बाद कलुपुकुर के पास सड़क पर एक ट्रक रोक दिया। रास्ता बंद होने पर आरोपित वाहन पास के एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय