घर मे घुसकर महिला की चेन छीनने के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत आने वाले परौर में बीते 28 सितंबर को एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने इस मामले में आरोपी राहुल सैमुअल (32 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 3, मोल खड्ड, डाकघर व तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अरुणवीर सिंह उर्फ मोंगली, निवासी गांव व डाकघर परौर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के साथ मिलकर 28 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि परौर में घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला के कमरे में घुसकर उसके गले से सोने की चेन छीनी थी और मौके से फरार हो गए थे।
उधर पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, इस मामले का दूसरा आरोपी अरुणवीर सिंह उर्फ मोंगली पुलिस थाना भवारना में हाल ही में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत में पेश किए जाने के बाद अदालत ने उसे 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी कांगड़ा ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों से छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी के साथ-साथ मामले की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था और क्या ये आरोपी क्षेत्र में हुई अन्य चोरी या स्नेचिंग की घटनाओं में भी संलिप्त रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

