गौतमपुरी में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या
नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र स्थित गौतमपुरी में बुधवार रात एक 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को उसका चचेरा भाई अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे गौतमपुरी की गली नंबर-4 में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल युवक को पहले ही उसके चचेरे भाई द्वारा जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जाया जा चुका है। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 17 वर्षीय लकी कुमार के रूप में हुई है। वह गौतमपुरी के रहने वाले है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में सीलमपुर थाने में एफआईआर संख्या 247/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

