home page

गोविंदपुरी अग्निकांड: मामले में बड़ा खुलासा, चार को पकड़ा

 | 

नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी स्थित तुगलकाबाद एक्सटेंशन में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में हादसा मानी जा रही आग की घटना अब सुनियोजित साजिश और आगजनी का मामला निकली है। पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया है। इस आग में तीन लोगों की मौत हो गई थी जबकि आठ अन्य घायल हुए थे।

पुलिस के अनुसार, 12 जून को रात करीब 2:24 बजे तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-1 स्थित भवन संख्या आरजेड-171/1 में आग लग गई थी। आग ने देखते ही देखते ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में आठ लोग झुलस गए थे, जिन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना में पंकज पांडेय, सुशीला देवी और सोनिया कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पहले पुलिस ने बीएनएस की धारा 287 और 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला आग लगने से कुछ देर पहले इमारत में प्रवेश करती दिखाई दी। इसके बाद जांच का रुख बदल गया और मामला दुर्घटना के बजाय आगजनी का पाया गया।

पुलिस ने जांच के दौरान नवजीवन कैंप, गोविंदपुरी निवासी 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गिरीनगर निवासी 27 वर्षीय सरिता ने उसे पेट्रोल और माचिस देकर इमारत की पांचवीं मंजिल पर रहने वाले दीपक की स्कूटी में आग लगाने के लिए उकसाया था। बताया गया कि दीपक और सरिता के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, सरिता ने पूछताछ में बताया कि यह पूरी साजिश नवजीवन कैंप निवासी निरंजन (33) और उसके भाई राजकुमार (27) ने रची थी। दोनों किसी व्यक्तिगत रंजिश का बदला लेना चाहते थे और इसी मकसद से स्कूटी में आग लगाने की योजना बनाई गई थी।

जांच में सामने आया कि स्कूटी में लगाई गई आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण तीन लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए।

मामले में पुलिस ने अब बीएनएस की धारा 61 (आपराधिक साजिश), 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 326(जी) (आग से नुकसान पहुंचाना) और 331(4) (रात में घर में घुसपैठ) सहित अन्य धाराएं जोड़ दी हैं। नाबालिग लड़की समेत सभी चार आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी