गांव से जोधपुर आए बालक नकली नोटों के साथ पकड़े गए : संप्रेषण गृह भिजवाया
जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। शहर के निकट नौ मील पर एक केबिन पर सिगरेट खरीद के बहाने पहुंचे दो किशोरों से नकली नोट बरामद हुए है। उनके पास तलाशी में 14 नोट 500-500 के मिले जोकि तकरीबन 60 हजार रूपये है। यह नोट उन्होंने किसी से लाना बताया। दोनों को बाद में संप्रेषण गृह भिजवाया गया। करवड़ थाने के एएसआई मुकनाराम की तरफ से सरदारपुरा नोडल थाने में इस बारे में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस अब नोट सप्लाई करने वाली की तलाश में जुटी है।
सरदारपुरा थाने के एसआई दीपलाल ने बताया कि 26 जुलाई को भोपालगढ़ से दो बालक बाइक से जोधपुर घूमने आए थे। वे घूमने फिरने के बाद करवड़ स्थित नौ मील पर पहुंचे। जहां एक केबिन पर सिगरेट के चार पैकेट के लिए पांच सौ का नोट दिया। केबिन संचालक ने नोट नकली बताकर लौटा दिया। तब बालकों ने दूसरा नोट दिया। वह भी नकली बताया गया। इस पर बाद में पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी गई। करवड़ थाने से एएसआई मुकनाराम वहां पहुंचे और बालकों की तलाशी ली तब पास में 14 नोट जाली मिले जोकि 500-500 की शक्ल में थे। कुल 60 हजार के जाली नोट बालकों के पास में मिले।
एसआई दीपलाल ने बताया कि जाली नोट ये बालक किसी से लाना बता रहे थे, जिसकी पहचान कर तलाश की जा रही है। साथ ही दोनों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया और दोनों को संप्रेषण गृह भिजवाया गया। मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

