कोलकाता की सड़क पर सरेआम गोलीबारी, युवक घायल; आरोपित फरार
कोलकाता, 30 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के जोड़ाबागान इलाके में शनिवार देर रात एक व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली चलाने की घटना से सनसनी फैल गई। गोली लगने से घायल व्यक्ति को तत्काल कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस के अनुसार, घटना पोस्ता इलाके में पीके ठाकुर घाट के सामने शनिवार रात करीब 12 बजकर पांच मिनट पर हुई। आरोपित की पहचान अमित सोनकर उर्फ कार्तिक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ दोस्तों के साथ घाट के सामने पहुंचा था। वहीं अमित की संतोष चौधरी नामक व्यक्ति से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोप है कि अमित ने संतोष को निशाना बनाकर गोली चला दी और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घटना को देखते ही आरोपितों का पीछा किया। घायल संतोष को मौके से उठाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल के रिश्तेदार आकाश चौधरी ने घटना को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जोड़ाबागान थाने की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपित और घायल के बीच संबंध तथा विवाद के अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

