home page

संशोधित : कैनिंग में ट्यूशन से लौट रही नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़, आक्रोशित भीड़ ने युवकों की पिटाई की

 | 

(हेडिंग एवं खबर में शब्द परिवर्तन के साथ पुनः जारी)

दक्षिण 24 परगना, 06 जुलाई (हि. स.)। बारुईपुर की घटना को लेकर पहले से ही तप्त बंगाल में 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी हुई थी। इसी बीच महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। कैनिंग में ट्यूशन से बहन के साथ घर लौटते समय आठवीं कक्षा की एक नाबालिग लड़की के साथ गंभीर छेड़छाड़ और उत्पीड़न का आरोप युवकों के एक समूह पर लगा है।

रविवार शाम इस घटना को लेकर पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। आरोपित आक्रोशित जनता की भीड़ के हाथों पिटाई का शिकार बने। घटना की गंभीरता को समझते हुए कैनिंग थाने की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। रातभर तलाशी अभियान चलाकर इस मामले में शामिल होने के आरोप में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों को मंगलवार को अलीपुर अदालत में पेश किया जाएगा।

सोमवार को स्थानीय और पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम कैनिंग की उक्त नाबालिग लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक एक टोटो में सवार सात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इनमें से कुछ युवकों ने आठवीं कक्षा की छात्रा का रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन के विरोध करने पर युवकों ने दोनों बहनों को लक्ष्य कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस अचानक घटी घटना से दोनों बहनें बुरी तरह सहम गईं। किसी तरह खुद को बचाते हुए घर पहुंचकर उन्होंने परिवार के सदस्यों को पूरी घटना बताई।

इसके बाद परिवार के सदस्यों ने इलाके में आरोपितों की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में स्थानीय निवासियों ने उस टोटो की पहचान कर उसे रोक लिया। टोटो में सवार युवकों से पूछताछ शुरू होते ही उनकी बातों में एक के बाद एक विसंगतियां सामने आने लगीं, जिसके बाद इलाके में आक्रोश भड़क उठा। उत्तेजित भीड़ ने युवकों को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी और स्थिति देखते ही देखते तनावपूर्ण हो गई।

सूचना पाकर कैनिंग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ से तीन युवकों को बचाकर थाने ले आई। हालांकि इसी बीच बाकी चार आरोपित मौके से फरार हो गए। बाद में एक और आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जबकि शेष की तलाश जारी है। रविवार रात पीड़िता के परिवार की ओर से कैनिंग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। इस एफआईआर के आधार पर पुलिस ने छेड़छाड़ और नाबालिग की सुरक्षा भंग करने सहित कानून की कई सुसंगत और कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद कैनिंग क्षेत्र में प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर तीव्र आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों का एक वर्ग स्पष्ट रूप से मांग कर रहा है कि स्कूल-कॉलेज या ट्यूशन से लौटते समय छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को अधिक सक्रिय होना चाहिए।

अभिभावकों ने शाम के बाद कैनिंग के विभिन्न मोड़ों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है। साथ ही आरोपितों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई कर कड़ी सजा दिए जाने की भी मांग की जा रही है।

कैनिंग पुलिस की ओर से कहा गया है कि शिकायत मिलते ही त्वरित कानूनी कार्रवाई की गई है और चारों आरोपितों के लिए पुलिस हिरासत की मांग अदालत में की जा सकती है। शेष आरोपितों को भी जल्द पकड़ा जाएगा। जिला पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नाबालिग लड़की के परिवार की शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा