home page

किराना स्टोर से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त; दुकानदार गिरफ्तार

 | 
किराना स्टोर से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त; दुकानदार गिरफ्तार


किराना स्टोर से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त; दुकानदार गिरफ्तार


डूंगरपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत ओबरी थाना पुलिस ने किराना दुकान पर कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में ओबरी थानाधिकारी रमेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओबरी निवासी राजेन्द्रसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह पंवार की किराना दुकान पर दबिश दी। सूचना थी कि दुकान में अवैध विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान की तलाशी ली।उ तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के अंदर रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 53 नग एवं पांच टुकड़े जिलेटिन के गुल्ले, 100 डेटोनेटर और 46 फीट फ्यूज वायर बरामद किया गया। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगे जाने पर दुकानदार कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस के अनुसार बिना लाइसेंस इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखने के मामले में आरोपित के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1884 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष