किन्नर बनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख के जेवर बरामद
देवास, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले की कन्नौद और खातेगांव पुलिस ने किन्नर का वेश धारण कर लोगों को झांसे में लेकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त दो कारें और धारदार हथियार भी जब्त किए हैं।
मंगलवार को कन्नौद स्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन ने बताया कि 2 जुलाई को कन्नौद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इंदौर-बैतूल हाईवे के ग्राम ननासा सर्विस रोड से डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को हथियार और एक ऑल्टो कार सहित पकड़ा था। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
इसी दौरान ग्राम बरवई खेड़ा निवासी कुलदीप जाट ने खातेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 19 जून को तीन अज्ञात लोग स्विफ्ट डिजायर कार से उसके घर पहुंचे थे। इनमें से दो आरोपियों ने किन्नर का वेश धारण कर उसे झांसे में लिया और बाद में चाकू अड़ाकर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपितों के डर के कारण उसने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन कन्नौद पुलिस द्वारा गिरोह के कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उसने शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन और एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान मुख्य आरोपित सोनू उर्फ सुनील नाथ निवासी शिवपुर बड़ोदिया (रतलाम) की संदलपुर में मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों जीवन नाथ, भेरूनाथ, लखन नाथ, अर्जुन नाथ और कैलाश नाथ के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली गई।
पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह के अन्य पांच आरोपी पहले ही कन्नौद पुलिस द्वारा एक अन्य मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं और उप जेल कन्नौद में निरुद्ध हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने लूट की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो सोने की मालाएं, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर और ऑल्टो कार सहित दो धारदार हथियार जब्त किए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित अपराधों और सदस्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र राठी

