home page

कालाअंब से लापता महिला और छह वर्षीय बेटा लखनऊ से बरामद

 | 

नाहन, 06 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर पुलिस ने कालाअंब से लापता हुई एक महिला और उसके छह वर्षीय बेटे को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार कालाअंब थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला 13 जुलाई को अपने छह वर्षीय बेटे आयुष कुमार के साथ घर से चली गई थी। महिला के पति बबलू की शिकायत पर थाना कालाअंब में एफआईआर दर्ज की गई थी। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत दर्ज कर महिला और बच्चे की तलाश शुरू की गई।

सिरमौर पुलिस ने बताया कि विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय और लगातार तलाश अभियान के बाद 6 अगस्त को महिला और उसके बेटे को लखनऊ से सुरक्षित खोज लिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों सुरक्षित हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिवार के हवाले कर दिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के गणेश बनाम तमिलनाडु राज्य मामले में दिए गए निर्णय और 6 जून 2026 को हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी स्थायी आदेशों के बाद जिला सिरमौर में लापता महिलाओं से जुड़े मामलों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अब तक जिले में इस तरह के 39 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 43 महिलाएं लापता थीं। इनमें 17 नाबालिग भी शामिल थीं। पुलिस का दावा है कि इन सभी मामलों में लापता महिलाओं का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया जा चुका है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति लापता हो जाए तो इसकी सूचना बिना देरी किए नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस का कहना है कि समय पर मिली सूचना तलाश अभियान को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर