कारोबारी के घर में संदिग्ध हालात में 60 लाख की चोरी : ताले नहीं टूटे, अलमारी से जेवरात पार
जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। शहर के प्रतापनगर स्थित अरिहंत नगर में एक मकान में चोरी हो गई। घर का मालिक सुबह मोर्निंग वॉक पर था। बाद में पत्नी ने कॉल कर घटना की जानकारी दी। पति तुरंत घर पहुंचा। घर से 35 तोला सोना और 5 किलो चांदी के आभूषण बर्तन इत्यादि चोरी हुए है। प्रतापनगर पुलिस घटना को लेकर गहनता से तफ्तीश में जुटी है। पुलिस की टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज से भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत 60 लाख है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर गहनता से जांच की जा रही है। घटना में ताले टूटे जैसे आलामात नहीं मिले है।
प्रतापनगर थाने के एएसआई देवकरण ने बताया कि मकान मालिक राजेन्द्र पुंगलिया पुत्र जगदीश लाल पुंगलिया ने रिपोर्ट दी। वे कारोबार करते है। रिपोर्ट के अनुसार परिवादी के घर की अलमारी में उनकी पत्नी और पुत्रवधू के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। 11 नवंबर की सुबह परिवादी मॉर्निंग वॉक पर गए हुए थे। तब करीब सुबह 8.30 बजे उनकी पत्नी का फोन आया और उन्हें तुरंत घर पहुंचने को कहा। घर पहुंचने पर पत्नी ने बताया कि अलमारी में रखे आभूषण और नकदी में से सामान गायब है।
परिवादी के अनुसार अलमारी में करीब 10 तोला सोने के कंगन, 8 तोला मोती सेट, 4 तोला डायमंड सेट, 3 तोला पोलकी सेट, 13 अंगूठियां, 1.5 तोला स्टोन सेट, 8 तोला ब्रासलेट, 5 किलो चांदी और एक लाख रुपये नकद रखे थे। जांच करने पर नकदी में से 7 हजार रुपये भी गायब मिले। परिवार के सदस्यों ने घर में काफी तलाश की, लेकिन आभूषण और अन्य सामान नहीं मिला।
एएसआई देवकरण के अनुसार घर के ताले नहीं टूटे है। आस पास सीसीटीवी फुटेज में भी फिलहाल कोई ऐसा संदिग्ध नजर नहीं आया है। परिजन से बात की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

