home page

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले दो शातिर गिरफ्तार

 | 
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले दो शातिर गिरफ्तार


कानपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी और छिनैती करने के आरोप में जीआरपी ने बुधवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। दोनों को झकरकटी की ओर जाने वाले रास्ते पर पीपल के पेड़ के नीचे चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।

जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि आरोपित ट्रेनों के धीमे होने पर प्लेटफॉर्म और आउटर के पास खिड़की व दरवाजे के नजदीक बैठे यात्रियों के मोबाइल और सामान को निशाना बनाते थे। ट्रेन के धीमे होते ही वे यात्रियों के सामान पर नजर रखते और मौका मिलते ही मोबाइल चोरी या छिनैती कर लेते थे। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोनों को गिरफ्तार किया गया। बरामद मोबाइल चोरी के दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं। आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान बाबूपुरवा की बेगमपुरवा नई बस्ती निवासी इजहार अली उर्फ लाला उर्फ फैसल और बाबूपुरवा क्षेत्र में सुप्पा मस्जिद, स्कॉलर स्कूल के पास बबलू की बिल्डिंग में रहने वाले अल्तमस के रूप में हुई है। जीआरपी के अनुसार, इजहार अली बाबूपुरवा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस दोनों से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाने के साथ बरामद मोबाइल के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप